
Last updated: November 5th, 2026 at 11:34 am
दीपावली के मद्देनजर जिला प्रशासन ने पटाखा दुकानों के खिलाफ जांच अभियान चलाया। बुधवार को राजस्व, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कठौंदा, माढ़ोताल, ग्रीन सिटी और गोलबाजार स्थित पटाखा बाजारों का निरीक्षण किया। इस दौरान लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर कठौंदा और माढ़ोताल की 6 दुकानों को सील कर दिया गया।
एसडीएम अधारताल मदन सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सबसे पहले कठौंदा और माढ़ोताल स्थित पटाखा दुकानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों के लाइसेंस किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पाए गए, जबकि उनका संचालन दूसरे लोग कर रहे थे।
प्रशासन ने इसे लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन मानते हुए मौके पर ही 6 दुकानों को सील कर दिया।
जांच के दौरान कुछ अन्य दुकानों में अग्नि सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन नहीं पाया गया। ऐसी करीब तीन दुकानों को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने दुकानदारों को सुरक्षा मानकों और लाइसेंस में निर्धारित शर्तों का पालन करने की हिदायत दी।
संयुक्त टीम ने ग्रीन सिटी मार्ग पर लगी पटाखा और खिलौना दुकानों का भी निरीक्षण किया। सड़क किनारे दुकानें लगाए जाने से यातायात प्रभावित होने की स्थिति सामने आई। टीम ने संबंधित दुकानदारों को दुकानें पीछे करने के निर्देश दिए।
इसके बाद अधिकारियों ने गोलबाजार स्थित पटाखा बाजार में लाइसेंस, सुरक्षा व्यवस्था और पटाखों की जांच की। तेज आवाज वाले पटाखों के संबंध में दुकानदारों से जानकारी ली गई और कुछ पटाखों के नमूने भी लिए गए।
दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री और भंडारण को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा मानकों की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लाइसेंस की शर्तों और अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन जरूरी है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments