होमअपराधरानीताल में कार का कांच तोड़कर कोचिंग संचालक का 25 हजार रुपये से भरा बैग चोरी, CCTV खंगाल रही पुलिस

रानीताल में कार का कांच तोड़कर कोचिंग संचालक का 25 हजार रुपये से भरा बैग चोरी, CCTV खंगाल रही पुलिस

-
रानीताल स्थित जबलपुर इंस्टीट्यूट के संचालक की कार का कांच तोड़कर अज्ञात व्यक्ति ने रुपयों से भरा बैग चोरी कर
जबलपुर रानीताल में कार का कांच तोड़कर 25 हजार की चोरी

रानीताल स्थित जबलपुर इंस्टीट्यूट के संचालक की कार का कांच तोड़कर अज्ञात व्यक्ति ने रुपयों से भरा बैग चोरी कर लिया। बैग में 25 हजार रुपये नकद के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे थे। घटना की शिकायत बुधवार शाम लार्डगंज थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

दोपहर में ऑफिस पहुंचे थे संचालक

लार्डगंज पुलिस के अनुसार, गढ़ा निवासी राहुल तिवारी रानीताल स्थित जबलपुर इंस्टीट्यूट का संचालन करते हैं। बुधवार दोपहर करीब 1 बजे वे अपनी कार क्रमांक MP 20 CE 1728 से ऑफिस पहुंचे थे।

उन्होंने कार को दवा दुकान के पास पार्क किया था। राहुल के मुताबिक, दोपहर में वे एक बार ऑफिस से बाहर भी आए थे, लेकिन उस समय उन्हें कार में किसी तरह की चोरी या नुकसान नजर नहीं आया।

शाम को टूटा मिला कार का शीशा

शाम करीब 5 बजे आसपास मौजूद लोगों ने राहुल को बताया कि उनकी कार का कांच टूटा हुआ है। इसके बाद उन्होंने कार के पास जाकर देखा तो पिछली खिड़की का शीशा टूटा हुआ था।

कार के अंदर रखा रुपयों और दस्तावेजों वाला बैग गायब था। इसके बाद उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की कोशिश की।

CCTV में नहीं मिला स्पष्ट सुराग

राहुल ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, लेकिन उनमें चोरी करने वाले व्यक्ति की पहचान से जुड़ा कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका।

लार्डगंज पुलिस का कहना है कि रानीताल चौराहे के आसपास कई सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस इन कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की जा सके।

अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास मौजूद कैमरों के साथ ही आने-जाने वाले रास्तों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

फिलहाल अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वारदात को किसने और किस समय अंजाम दिया।

आपको यह भी पसंद आ सकता है

No Comments