
Last updated: August 19th, 2026 at 03:30 pm
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की प्रिंसिपल बेंच जबलपुर में बार एसोसिएशन के चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। चुनाव में मृगेंद्र सिंह अध्यक्ष और असीम त्रिवेदी सचिव पद पर निर्वाचित हुए हैं। नतीजे सामने आने के बाद हाईकोर्ट परिसर में समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया।
अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में मृगेंद्र सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी परितोष त्रिवेदी को हराकर जीत हासिल की। मृगेंद्र सिंह इस बार स्टेट बार काउंसिल के चुनावी मैदान में नहीं उतरे और उन्होंने अपना पूरा ध्यान हाईकोर्ट बार चुनाव पर केंद्रित किया।
चुनाव परिणाम आने के बाद समर्थकों ने उनका स्वागत किया और जीत की बधाई दी।
वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता असीम त्रिवेदी ने सचिव पद पर जीत हासिल की। असीम त्रिवेदी वरिष्ठ अधिवक्ता एवं दिवंगत आदर्श मुनि त्रिवेदी के कनिष्ठ पुत्र हैं। यह उनका तीसरा बार चुनावी मैदान था।
असीम त्रिवेदी ने सचिव पद के चुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी योगेश सोनी को करारी शिकस्त दी।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के इस चुनाव में दो पूर्व अध्यक्षों समेत चार प्रमुख दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव परिणाम आने के बाद अधिवक्ताओं के बीच परिणाम को लेकर चर्चा का दौर शुरू हो गया।
असीम त्रिवेदी के बड़े भाई आशीष त्रिवेदी भी स्टेट बार काउंसिल के चुनाव में मैदान में हैं।
बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चुनाव के लिए सोमवार को शाम 5 बजे तक मतदान हुआ था। पारंपरिक तरीके से अधिवक्ता समुदाय ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान से पहले कई दिनों तक प्रत्याशी और उनके समर्थक अधिवक्ताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने में सक्रिय रहे।
मंगलवार सुबह से मतगणना शुरू हुई और अध्यक्ष तथा सचिव समेत अन्य पदों के परिणाम सामने आने लगे। परिणाम घोषित होने के बाद हाईकोर्ट परिसर में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। जीत की खुशी में हाईकोर्ट परिसर में जश्न का माहौल रहा। अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments