होमअपराधदुकान में घुसकर दबंगई: कोल्डड्रिंक के विवाद में पिता-पुत्र पर हमला, काउंटर तोड़ा और की तोड़फोड़

दुकान में घुसकर दबंगई: कोल्डड्रिंक के विवाद में पिता-पुत्र पर हमला, काउंटर तोड़ा और की तोड़फोड़

-
रांझी थाना क्षेत्र के मड़ई इलाके में न्यू गुप्ता स्वीट्स की दुकान में घुसकर दुकानदार और उसके पिता के साथ
जबलपुर में दुकान में घुसकर दबंगई, पिता-पुत्र पर हमला; तोड़फोड़

रांझी थाना क्षेत्र के मड़ई इलाके में न्यू गुप्ता स्वीट्स की दुकान में घुसकर दुकानदार और उसके पिता के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और कथित रंगदारी का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार हेमंत गुप्ता का आरोप है कि कोल्डड्रिंक के पैसे मांगने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद कई युवक दुकान में घुस आए और पिता-पुत्र के साथ मारपीट करने लगे।

कोल्डड्रिंक के पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद

पीड़ित हेमंत गुप्ता के मुताबिक, एक युवक जिसे स्थानीय स्तर पर ‘छोटू चोर’ के नाम से बताया जा रहा है, दुकान के फ्रिज से कोल्डड्रिंक निकालकर बिना पैसे दिए बाहर जाने लगा। जब हेमंत ने उससे कोल्डड्रिंक के पैसे मांगे तो विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि इसी दौरान युवक ने दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी। हेमंत के पिता ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन मामला शांत होने के बजाय और बढ़ गया।

सात-आठ युवक दुकान में पहुंचे

हेमंत का आरोप है कि विवाद के कुछ देर बाद बिज्जू और जैंगो समेत सात-आठ अन्य युवक दुकान पर पहुंच गए। इसके बाद आरोपियों ने दुकान में जमकर हंगामा किया।

पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने दुकान का काउंटर तोड़ दिया और ईंट-पत्थर से हमला किया। गल्ले से रुपये निकालने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है। इसी दौरान धारदार चाकू से हमला किए जाने की बात भी सामने आई है, जिसमें दुकानदार घायल हो गया।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

दुकान में हुई मारपीट और तोड़फोड़ की पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। घटना के बाद पीड़ित ने रांझी थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है।

हर हफ्ते रंगदारी मांगने का आरोप

पीड़ित हेमंत गुप्ता ने आरोप लगाया कि दुकान पर आने वाले कुछ लोग पहले भी हर सप्ताह सात से आठ हजार रुपये की कथित रंगदारी मांग चुके हैं। उनका कहना है कि दुकान चलाने के एवज में लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

ताजा घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में भी नाराजगी और डर का माहौल है। स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

फिलहाल रांझी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

आपको यह भी पसंद आ सकता है

No Comments