
Last updated: October 17th, 2026 at 12:12 pm
मदन महल फ्लाईओवर की रोटरी पर शुक्रवार तड़के हुए सड़क हादसे में 28 वर्षीय अमन केसरवानी की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। परिजनों के मुताबिक, रॉन्ग साइड से आ रहे डंपर ने स्कूटी को टक्कर मारी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने के सामने चक्काजाम कर चालक की गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, हादसा गढ़ा थाना क्षेत्र में मदन महल फ्लाईओवर की रोटरी पर हुआ। स्कूटी पर सवार अमन केसरवानी (28), निखिल बर्मन (22) और अंकित झारिया (17) को डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में अमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि निखिल और अंकित घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डंपर कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आ रहा था। टक्कर के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है।
मृतक की बहन काजल अग्रवाल ने बताया कि अमन गोल बाजार में चार्ट-फुलकी का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। रात में वह अपने दोस्तों के साथ किसी से मिलने जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
अमन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन हादसे के लिए जिम्मेदार चालक की जल्द गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हादसे के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग थाने के सामने एकत्रित हो गए। लोगों ने चक्काजाम कर डंपर चालक को जल्द गिरफ्तार करने और वाहन की पहचान करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने यह सवाल भी उठाया कि भारी वाहन शहर के भीतर कैसे पहुंचा। मौके पर मौजूद सीएसपी आशीष जैन ने परिजनों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया।
हादसे के बाद शहर में भारी वाहनों की आवाजाही और नो-एंट्री व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे। परिजनों ने पूछा कि प्रतिबंधित समय में डंपर शहर के भीतर कैसे आया और हादसे के बाद चालक मौके से कैसे फरार हो गया।
सीएसपी आशीष जैन के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे तक नो-एंट्री का समय समाप्त हो चुका था, जबकि प्रतिबंध रात 2 बजे तक था। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह डंपर चालक की लापरवाही सामने आई है।
पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस डंपर की पहचान करने और फरार चालक का पता लगाने में जुटी है। हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
अमन की मौत के बाद परिजन अब पुलिस की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। उनकी मांग है कि जिम्मेदार चालक को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाए। जांच पूरी होने के बाद हादसे की परिस्थितियों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments