
Last updated: August 19th, 2026 at 12:20 pm
जबलपुर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपए के इनामी बदमाश शेख आदिल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी दिसंबर 2023 में गैंगस्टर अनिराज नायडू उर्फ अन्ना की हत्या के बाद से फरार चल रहा था। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि शेख आदिल पिछले करीब एक महीने से भूलन बस्ती के एक कमरे में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस के पहुंचते ही आरोपी कमरे में बने कवर्ड में छिप गया था। टीम ने घेराबंदी कर उसे बाहर निकाला और गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के कब्जे से बड़ी संख्या में हथियार और कारतूस मिले। पुलिस के अनुसार बरामद सामान में दो देसी पिस्टल, एक रिवॉल्वर और तीन कट्टे शामिल हैं।
इसके अलावा दो एयर गन, तलवार, बका और चाकू भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने 50 जिंदा और 68 चले हुए कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस को आरोपी के पास से नौ खाली मैगजीन, पासपोर्ट और अलग-अलग कंपनियों के 23 मोबाइल फोन भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लगातार मोबाइल और सिम बदलकर अपने साथियों के संपर्क में रहता था।
पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि आरोपी विदेश भागने की तैयारी में था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच अभी जारी है।
पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक शेख आदिल ने दिसंबर 2023 में गैंगस्टर अनिराज नायडू उर्फ अन्ना की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इसके अलावा उस पर रतन यादव पर गोली चलाने वाले शूटरों को हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने का भी आरोप है।
पुलिस अब आरोपी से उसके आपराधिक नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार शेख आदिल के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और अवैध हथियारों से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं। लंबे समय से फरार होने के कारण उस पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से आए और आरोपी ने इन्हें किन-किन वारदातों में इस्तेमाल किया। साथ ही उसके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments