
Last updated: November 5th, 2026 at 04:44 pm
रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीआरपी (GRP) ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 किलो 145 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 3 हजार 625 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, 4 नवंबर को जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर जीआरपी की टीम नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पिट्ठू बैग लेकर संदिग्ध हालत में घूमता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर उसे रोककर बैग की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवक के बैग से गांजे के चार पैकेट बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से वजन कराने पर गांजे की कुल मात्रा 4.145 किलोग्राम निकली। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 1,03,625 रुपये है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान अचिन कुमार दुबे उर्फ कल्लू (35), निवासी ग्रीन सिटी, ड्रीमलैंड फेस-1, मदनमहल के रूप में की है। पूछताछ के दौरान आरोपी गांजे के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब मामले की विवेचना कर रही है और गांजे के स्रोत तथा उससे जुड़े अन्य संभावित लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments