
Last updated: October 28th, 2026 at 03:38 pm
शहर की सड़कों पर मंगलवार देर रात छह लग्जरी कारों का काफिला तेज रफ्तार में गुजरता नजर आया। कारों में कर्कश हॉर्न, चारों इंडीकेटर ऑन और खिड़कियों से युवकों के बाहर लटकने के दृश्य सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि यह काफिला घमापुर से भानतलैया की ओर जा रहा था।
सड़क पर सामान्य यातायात के बीच इस तरह कारों के दौड़ने से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनती दिखाई दी। कारों के आसपास चल रहे लोग और दोपहिया वाहन चालक किनारे होते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 12 बजे हाईकोर्ट चौराहे की ओर से छह कारों का काफिला तेज गति से घमापुर चौराहे की तरफ बढ़ रहा था। इस दौरान कुछ युवक कारों की खिड़कियों से बाहर लटकते नजर आए।
कुछ युवकों के कार के पैयदान पर खड़े होने की बात भी सामने आई है। वीडियो में दिखाई दे रहे इन दृश्यों ने सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
काफिले में शामिल कारें तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही थीं। बीच-बीच में कारों के अचानक ब्रेक लगाने से आसपास चल रहे लोग और वाहन चालक भी चौंकते नजर आए।
घमापुर चौराहे तक पहुंचने के दौरान कारों की रफ्तार देखकर कई लोग अपने वाहन सड़क किनारे रोकते दिखाई दिए। इस दौरान कारों में सवार युवक कथित तौर पर शोर-शराबा करते हुए आगे बढ़ते रहे।
घटना के दौरान भानतलैया की ओर से डायल 112 की गाड़ी भी वहां से गुजरती दिखाई दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस वाहन के सामने से निकलने के बावजूद कारों के इस काफिले को रोका नहीं गया।
हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली थी या नहीं।
शहर की व्यस्त सड़क पर तेज रफ्तार में वाहनों का काफिला चलाना और चलती कारों से बाहर लटकना गंभीर सड़क सुरक्षा जोखिम पैदा कर सकता है। खासकर रात के समय इस तरह की गतिविधियों से दूसरे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए खतरा बढ़ सकता है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस वीडियो के आधार पर वाहनों की पहचान कर कार्रवाई करती है या नहीं।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments