
जबलपुर में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां व्हाट्सएप हैक कर एक महिला से करीब 15 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपियों ने कथित तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से महिला की फोटो मॉर्फ कर उन्हें डराया-धमकाया और तीन दिनों तक अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर कराते रहे। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, स्टेट बैंक कॉलोनी, कोतवाली क्षेत्र निवासी सोनाली सेठिया ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया था। इसके बाद उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया।
शिकायत में बताया गया है कि अकाउंट हैक होने के बाद साइबर ठगों ने उनसे संपर्क किया और कथित तौर पर AI तकनीक का उपयोग कर उनकी फोटो मॉर्फ कर डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि साइबर ठगों ने लगातार तीन दिनों तक मानसिक दबाव बनाकर उनसे अलग-अलग किश्तों में रुपये ट्रांसफर कराए। आरोपियों ने हर बार अलग-अलग QR कोड और स्कैनर भेजे, जिन पर स्कैन कर पीड़िता ने रकम भेजी।
इस तरह कुल मिलाकर करीब 15 लाख रुपये साइबर ठगों के खातों में ट्रांसफर करा लिए गए।
मामले की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबरों, बैंक खातों, यूपीआई आईडी और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटा रही है।
साइबर विशेषज्ञों की मदद से यह पता लगाया जा रहा है कि ठगी में शामिल आरोपी किस स्थान से वारदात को अंजाम दे रहे थे और रकम किन खातों में भेजी गई।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आए लिंक, मैसेज या QR कोड पर बिना पुष्टि किए कार्रवाई न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी या ब्लैकमेलिंग का सामना करना पड़े, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments