
Last updated: July 23rd, 2026 at 03:22 pm
जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र अंतर्गत सालीवाड़ा गांव में पुराने विवाद के चलते एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना बुधवार देर रात की है। घायल युवक को पहले बरगी स्वास्थ्य केंद्र और बाद में मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सालीवाड़ा निवासी नमामि यादव वेल्डिंग का काम करते थे। बुधवार रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद वह घर के बाहर बने चबूतरे पर बैठने चले गए। उस समय उनके बड़े भाई बैद्यनाथ यादव भी उनके साथ मौजूद थे, लेकिन कुछ देर बाद वह घर के अंदर चले गए।
करीब आधे घंटे बाद गांव के लोगों ने परिवार को सूचना दी कि नमामि यादव का गांव के ही रहने वाले घनश्याम से विवाद हो गया है और आरोपी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल नमामि यादव को तत्काल बरगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जबलपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बरगी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments