
Last updated: July 22nd, 2026 at 12:37 pm
NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को जबलपुर के मालवीय चौक पर उग्र हो गया। दिल्ली में धरने के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता मालवीय चौक पहुंचे। इस दौरान केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन के दौरान पोस्टर जलाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया।
प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत में कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में कथित अनियमितताओं के बावजूद सरकार जवाबदेही तय नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि जब से राहुल गांधी ने छात्रों के हित में शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग उठाई है, तब से सरकार विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा क्यों नहीं लिया जा रहा है।
कांग्रेस नेता अभिषेक चौकसे (चिंटू) ने आरोप लगाया कि जबलपुर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं के साथ सख्ती की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया, वाटर कैनन चलाए गए और पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज को बल प्रयोग से दबाया नहीं जा सकता और कांग्रेस इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी।
कांग्रेस नेता आलोक मिश्रा ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और राहुल गांधी के निर्देशानुसार यह आंदोलन पूरे देश में जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस छात्रों के हित में अपना विरोध जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान मालवीय चौक पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच हुई नोकझोंक के बाद स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments