
Last updated: June 15th, 2026 at 06:13 pm
जबलपुर से करीब 30 किलोमीटर दूर बरगी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक से जा रहे एक परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि पिता और उनके 13 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दंपति अपने 13 वर्षीय बेटे के साथ बाइक से जबलपुर से बरगी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। घटना के बाद बाइक में आग लगने की भी सूचना सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद पिता और उनका बेटा डंपर के नीचे फंस गए थे, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं महिला दूर जाकर गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों ने डंपर को मौके पर ही रोक लिया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा के अनुसार मृतकों की पहचान बाइक नंबर के आधार पर की जा रही है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों के बाद क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलगाम दौड़ रहे भारी वाहन आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और चालक की लापरवाही से जुड़े तथ्यों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments