
Last updated: June 15th, 2026 at 06:27 pm
जबलपुर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी महिला बिजनेस पार्टनर को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार गोरखपुर इलाके में भंडारी अस्पताल रोड स्थित राजुल डुप्लेक्स में यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि दीपेश राठौर और शक्ति कोहली बिजनेस पार्टनर थे। दोनों एक साथ कारोबार से जुड़े हुए थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी दीपेश राठौर ने पहले शक्ति कोहली पर गोली चलाई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। दोनों के शव खून से लथपथ हालत में घर के अंदर मिले।
घटना की जानकारी मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।
पुलिस की शुरुआती जांच में आर्थिक लेन-देन और आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि दीपेश राठौर लंबे समय से शक्ति कोहली को परेशान कर रहा था। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस संबंध में पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं होने से यह दर्दनाक घटना सामने आई।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments