
Last updated: June 25th, 2026 at 01:29 pm
जबलपुर के सगड़ा क्षेत्र में पारिवारिक संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सेवानिवृत्त गढ़ा थाना प्रभारी स्वर्गीय एस.एल. चंद्रौल के परिवार में हुए विवाद के बाद 68 वर्षीय रामरती चंद्रौल ने अपने बेटे, बहू और उनके साथियों पर मारपीट, प्रताड़ना, लूटपाट और तोड़फोड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता रामरती चंद्रौल के अनुसार 15 जून की दोपहर उनका बेटा आशीष चंद्रौल घर की छत पर टीन शेड लगाने के लिए गड्ढा खुदवा रहा था। उन्होंने मकान को नुकसान पहुंचने की आशंका जताते हुए इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आशीष चंद्रौल ने अपनी पत्नी रितु चंद्रौल को मौके पर बुलाया। इसके बाद कुछ अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और घर के बाहर हंगामा शुरू हो गया।
रामरती चंद्रौल का आरोप है कि बहू रितु चंद्रौल ने उनके साथ धक्का-मुक्की की, बाल खींचे और गले से सोने की चेन तोड़ ली। उन्होंने बताया कि बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बड़ी बेटी शैलजा के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई।
पीड़िता का कहना है कि विवाद के दौरान उनके नाबालिग नाती-नातिन श्रेयांश और आर्यन रावत को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी अभद्रता की गई।
रामरती चंद्रौल ने आरोप लगाया है कि उनके नाबालिग नाती-नातिनों को फंसाने के उद्देश्य से आरोपियों द्वारा उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराया गया है। साथ ही घर के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ करने और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के दौरान हुए शोर-शराबे को सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रण में आई।
मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़े इस मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर निष्कर्ष निकाला जाएगा।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments