
Last updated: August 14th, 2026 at 04:44 pm
थाना रांझी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में खुले में शराबखोरी, हुड़दंग और यातायात में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जिन इलाकों में बड़ी पुलिस गाड़ियां आसानी से नहीं पहुंच सकतीं, वहां पुलिस अधिकारियों और जवानों ने मोटरसाइकिल से पेट्रोलिंग की। पुलिस टीम ने संकरी गलियों और संवेदनशील क्षेत्रों में घूमकर स्थिति का जायजा लिया और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों को मौके से हटाया।
पुलिस ने सरस्वती शिशु मंदिर के आसपास, मरघटाई, गांधी चौक, मोहनिया कलारी और शराब दुकानों के आसपास विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान कई स्थानों पर युवक खुले में शराब का सेवन करते मिले। पुलिस ने उन्हें मौके पर पकड़ा और सख्त हिदायत दी। कुछ युवकों से कान पकड़कर उठक-बैठक भी लगवाई गई और दोबारा खुले में शराब पीते पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
पुलिस ने लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने से बचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी के मुताबिक क्षेत्र में खुले में शराबखोरी और असामाजिक गतिविधियों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर मैदान और उसके आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
पुलिस अभियान के दौरान गांधी चौक में सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकानें लगाने वालों को भी समझाइश दी गई। सड़क और यातायात में बाधा बन रही दुकानों को किनारे करवाया गया, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।
पुलिस ने दुकानदारों को भी चेतावनी दी कि सड़क पर दोबारा अतिक्रमण कर यातायात बाधित न किया जाए।
रांझी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि खुले में शराबखोरी, हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की पेट्रोलिंग और चेकिंग बढ़ाई जाएगी।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments