
Last updated: May 18th, 2026 at 04:53 pm
जबलपुर के थाना गोसलपुर क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें गेहूं से भरे ट्रैक्टर और यात्री बस के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कटनी से जबलपुर आ रही यात्री बस ने आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और बस भी संतुलन खोकर सड़क पर पलट गई।
हादसे में बस में सवार 40 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही गोसलपुर और सिहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डायल-108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में से कुछ का इलाज गोसलपुर अस्पताल में, कई का सिहोरा सिविल अस्पताल में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ, जिसके बाद जबलपुर-कटनी मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया।
पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह लापरवाही और तेज रफ्तार को माना जा रहा है।
इस हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर सुरक्षा और वाहन चालकों की सावधानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments