
Last updated: May 26th, 2026 at 05:22 pm
जबलपुर जिले के सिहोरा नगर में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में धुत्त एक युवक ने अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गढ़िया मोहल्ला इलाके में सनसनी फैल गई और लोग देर रात तक घरों के बाहर जमा रहे।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 7 गढ़िया मोहल्ला निवासी करण कोल (30) रात करीब 10 बजे शराब के नशे में घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि घर पहुंचते ही उसका अपनी पत्नी कांति बाई कोल से विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
परिवार में हो रहे विवाद को देखकर आरोपी की मां गिरानी बाई कोल (65) बीच-बचाव करने पहुंचीं। इसी दौरान आरोपी का गुस्सा अपनी मां पर टूट पड़ा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक शराब के नशे में आरोपी बेहद आक्रोशित था। उसने घर में रखा टेबल फैन उठाकर मां पर हमला कर दिया। आरोपी ने फैन से हाथ-पैर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हमला इतना गंभीर था कि गिरानी बाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
मां की मौत के बाद आरोपी करण कोल मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मृतका के बड़े बेटे दशरथ उर्फ दाससु ने सिहोरा थाने पहुंचकर पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिहोरा अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाना शुरू कर दिया है और आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी शराब पीने का आदी था और घर में अक्सर विवाद करता था।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर शराब के नशे में बढ़ती घरेलू हिंसा और अपराध की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मोहल्ले के लोग देर रात तक घटना को लेकर चर्चा करते रहे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद और शराब के नशे से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
मामले में अभी मर्ग कायम नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments