
Last updated: July 30th, 2026 at 12:06 pm
अवैध लिंग परीक्षण के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डॉ. राजेन्द्र अग्रवाल और डॉ. सतीश अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को ओमती थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में नामजद स्टाफ नर्स अनिता उर्फ डॉली जायसवाल की तलाश जारी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मालवीय चौक स्थित आर.के. सोनोग्राफी सेंटर पर छापा मारकर कार्रवाई की थी। इस दौरान टीम ने कंप्यूटर, हार्ड डिस्क, सोनोग्राफी से संबंधित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जब्त किए थे। प्रारंभिक जांच में कई ऐसे साक्ष्य मिलने का दावा किया गया, जिनके आधार पर अवैध लिंग परीक्षण किए जाने की आशंका जताई गई।
जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने डॉ. राजेन्द्र अग्रवाल और डॉ. सतीश अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं स्टाफ नर्स अनिता उर्फ डॉली जायसवाल की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जांच एजेंसियों के अनुसार, सेंटर पर कथित रूप से मोटी रकम लेकर गर्भस्थ शिशु का लिंग बताए जाने का आरोप है। पुलिस अब जब्त किए गए डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच करा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।
कार्रवाई के दौरान डॉ. राजेन्द्र अग्रवाल के मालवीय चौक स्थित आर.के. सोनोग्राफी सेंटर को सील कर दिया गया। इसके अलावा अधारताल स्थित उनके एक अन्य सेंटर को भी प्रशासन ने सील कर दिया है। दोनों केंद्रों के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ प्री-कंसेप्शन एंड प्री-नेटल डायग्नोस्टिक टेक्निक्स (PCPNDT) Act तथा अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments