
Last updated: October 14th, 2026 at 03:54 pm
जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र की उमरिया नहर में दोस्तों के साथ नहाने के दौरान डूबे 10 वर्षीय आशिष ठाकुर का शव चार दिन बाद बुधवार सुबह बरामद किया गया। बालक का शव पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम खरोद के पास नहर में बने स्टॉप डैम में मिला।
जानकारी के अनुसार आशिष ठाकुर 11 अक्टूबर को दोस्तों के साथ उमरिया नहर में नहाने गया था। इसी दौरान वह पानी में डूब गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई थी। पुलिस और रेस्क्यू टीम लगातार बालक की तलाश में जुटी थी।
चार दिन तक तलाश के बाद बुधवार सुबह करीब 10 बजे खरोद गांव के पास नहर में बने स्टॉप डैम में शव दिखाई दिया। बताया गया कि नहर के बहाव के साथ शव उमरिया से खरोद तक पहुंच गया था।
शव मिलने की सूचना के बाद पनागर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
पनागर थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। केस डायरी को आगे की कार्रवाई के लिए खमरिया थाने भेजा जा रहा है।
आशिष के नहर में डूबने के बाद से ही परिवार उसकी तलाश और सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए था। चार दिन बाद जब परिवार को उसके शव मिलने की सूचना मिली तो घर में मातम छा गया।
मासूम बेटे की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए यह हादसा बेहद दुखद रहा। आशिष की सलामती की उम्मीद में इंतजार कर रहे परिजनों को जब उसकी मौत की खबर मिली तो पूरे परिवार में शोक का माहौल हो गया।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments