
Last updated: August 18th, 2026 at 12:28 pm
नाग पंचमी के अवसर पर जबलपुर वन विभाग ने शहर में सांपों के प्रदर्शन और उनके इस्तेमाल को लेकर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ग्वारीघाट, मदन महल सहित शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में औचक जांच की गई। दोपहर 12 बजे तक वन विभाग की टीम ने 14 सांपों का रेस्क्यू किया, जबकि करीब 12 लोगों को पकड़ा गया।
वन विभाग की अलग-अलग टीमों ने नाग पंचमी को देखते हुए शहर के प्रमुख धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी बढ़ाई। टीमों ने ऐसे लोगों की जांच की, जिन पर त्योहार की आड़ में सांपों को लेकर घूमने और उनका प्रदर्शन करने का आरोप था।
विभाग के अनुसार रेस्क्यू किए गए 14 सांपों में अधिकांश कोबरा और धामन प्रजाति के बताए गए हैं। सांपों को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लेकर वन विभाग की निगरानी में रखा गया है।
वन विभाग ने बताया कि नाग पंचमी के दौरान सांपों को पकड़कर सार्वजनिक स्थानों पर उनका प्रदर्शन किए जाने की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए टीमों ने सुबह से ही अलग-अलग इलाकों में चेकिंग शुरू कर दी थी।
कार्रवाई के दौरान करीब 12 लोगों को पकड़ा गया। विभाग अब इन लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटा है कि सांप कहां से पकड़े गए थे और उन्हें किस उद्देश्य से सार्वजनिक स्थानों पर लाया गया था।
वन विभाग का कहना है कि सांपों को पकड़ना और उनका प्रदर्शन करना वन्यजीवों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। नाग पंचमी के दौरान धार्मिक आस्था के नाम पर सांपों के साथ किसी तरह की क्रूरता न हो, इसे लेकर विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।
वन विभाग की टीमों की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की संभावना है। पकड़े गए लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया भी जांच पूरी होने के बाद आगे बढ़ाई जाएगी।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments