होमजबलपुर दक्षिणजबलपुर: गणेश पंडाल में करंट की चपेट में आया 16 वर्षीय किशोर, इलाज के दौरान मौत

जबलपुर: गणेश पंडाल में करंट की चपेट में आया 16 वर्षीय किशोर, इलाज के दौरान मौत

-
धनवंतरी नगर क्षेत्र के जसूजा सिटी फेस-3 में बुधवार रात गणेश पंडाल में करंट लगने से 16 वर्षीय किशोर की
गणेश पंडाल में करंट लगने से 16 वर्षीय छात्र की मौत

धनवंतरी नगर क्षेत्र के जसूजा सिटी फेस-3 में बुधवार रात गणेश पंडाल में करंट लगने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान शौर्य चनपुरिया के रूप में हुई है, जो लिटिल वर्ल्ड स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र था। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, शौर्य अपने दोस्तों के साथ गणेश पंडाल में आयोजित महाआरती में शामिल होने पहुंचा था। आरती समाप्त होने के बाद जब वह घर लौटने के लिए पंडाल से बाहर निकल रहा था, तभी वह एक खंभे के संपर्क में आ गया। बताया जा रहा है कि खंभे में करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट लगते ही शौर्य जमीन पर गिर पड़ा।

पंडाल से निकलते समय लगा करंट

बताया जा रहा है कि बुधवार रात जसूजा सिटी फेस-3 में गणेश पंडाल में महाआरती का आयोजन किया गया था। शौर्य भी अपने दोस्तों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुआ था।

आरती के बाद वह दोस्तों के साथ कुछ देर वहां मौजूद रहा। इसके बाद घर जाने के दौरान वह पंडाल के मंच के पास लगे खंभे के संपर्क में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खंभे में करंट आने के कारण किशोर उसकी चपेट में आ गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ अन्य लोगों को भी करंट का झटका महसूस होने की बात सामने आई।

दोस्त ने बताया आंखों देखा हाल

शौर्य के दोस्त अज्जू अहिरवार ने घटना के बारे में बताया कि वे सभी पंडाल के पास मौजूद थे। शौर्य कोचिंग से आने के बाद दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान वहां भंडारे और अन्य आयोजन की तैयारी भी चल रही थी।

अज्जू के मुताबिक, जब वह एक टेबल उठा रहा था तो उसे करंट महसूस हुआ। इसके बाद वह अपने दोस्त को बताने के लिए गया। इसी बीच शौर्य पंडाल के पास जमीन पर पड़ा दिखाई दिया।

अज्जू ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि शौर्य मजाक कर रहा है, लेकिन जब उसे उठाने की कोशिश की गई तो उन्हें भी करंट महसूस हुआ। इसके बाद लोगों ने तत्काल शौर्य को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की।

मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत

घटना के बाद स्थानीय लोग शौर्य को उपचार के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मामले की जानकारी मिलने के बाद धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी दुर्गेश मरावी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली थी कि एक युवक को करंट लगने के बाद मेडिकल अस्पताल लाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार ने लापरवाही का लगाया आरोप

मृतक के बड़े पिता डॉ. शिशिर चनपुरिया ने बताया कि शौर्य 16 वर्ष का था और लिटिल वर्ल्ड स्कूल में कक्षा 11वीं में पढ़ता था। उनके अनुसार, शौर्य गणेश पंडाल में महाआरती में शामिल होने के बाद घर लौट रहा था, तभी उसे करंट लगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि खुले स्थान पर करंट का प्रवाह होना गंभीर लापरवाही है। उनका कहना है कि इस घटना के लिए जो भी जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं में किसी और की जान खतरे में न पड़े।

समिति ने पहले करंट की जानकारी होने की बात बताई

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पंडाल के एक खंभे में करंट आने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, समिति से जुड़े लोगों ने बताया है कि खंभे में पहले से करंट आने की जानकारी थी।

यह भी बताया गया कि टेंट लगाने वाले व्यक्ति को इसकी जानकारी दी गई थी। हालांकि, इस जानकारी के बावजूद सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए और करंट कैसे प्रवाहित हुआ, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने शौर्य के शव को मेडिकल कॉलेज की मर्चुरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पंडाल में विद्युत व्यवस्था, खंभे में करंट आने की वजह, समिति और टेंट लगाने वाले व्यक्ति की भूमिका सहित अन्य बिंदुओं की जांच की जाएगी।

जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आपको यह भी पसंद आ सकता है

केन-बेतवा परियोजना पर हाईकोर्ट में सुनवाई, CEC रिपोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही की स्थिति मांगी

मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र की केन-बेतवा लिंक परियोजना के पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभावों

जबलपुर में शासकीय कार्यों में लापरवाही पर कार्रवाई, 18 पटवारी निलंबित; 164 को नोटिस

जबलपुर जिले में शासकीय कार्यों और प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना करने वाले पटवारियों के खिलाफ

No Comments