
Last updated: August 11th, 2026 at 12:48 pm
जिला न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने का मामला सामने आया है। न्यायालय के गेट नंबर-3 के पास एक युवक चाकू लेकर घूमता हुआ मिला। सुरक्षा गार्ड की सतर्कता के चलते पुलिस ने समय रहते युवक को पकड़ लिया और उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, जिला न्यायालय के गेट नंबर-3 पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात गार्ड की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। युवक के पास चाकू होने की जानकारी सामने आने के बाद सुरक्षा गार्ड ने तत्काल पुलिस स्टाफ को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही युवक ने वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अनमोल जैन, निवासी ईसाई मोहल्ला, गोरखपुर, जबलपुर बताया।
पुलिस ने जब युवक की तलाशी ली तो उसकी पैंट की जेब से धारदार मछलीनुमा चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने चाकू को जब्त कर लिया।
चाकू बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को भी दी गई।
इसके बाद आरोपी को हवालात में रखा गया और जब्त किए गए चाकू को नियमानुसार मालखाने में जमा कराया गया।
न्यायालय परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर युवक के चाकू लेकर पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होते हैं। हालांकि, सुरक्षा गार्ड की सतर्कता के कारण युवक को समय रहते पकड़ लिया गया।
यदि युवक की संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नजर नहीं पड़ती तो न्यायालय परिसर में कोई अप्रिय घटना हो सकती थी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments