
जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते तीन युवकों के साथ मारपीट, अपहरण और जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 15 से 16 युवक दो कारों में सवार होकर पहुंचे, तीनों युवकों के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन कार में बैठाकर शहर के अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर बेरहमी से पीटा। हालांकि गढ़ा थाना पुलिस की तत्परता से बड़ी वारदात टल गई और पीड़ितों को आरोपियों के चंगुल से सुरक्षित छुड़ा लिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 2 अगस्त की रात भारत कॉलोनी स्थित रोहित मोबाइल शॉप के पास हुई। शिकायतकर्ता विनम बर्मन अपने साथी अंकित ठाकुर के साथ मौजूद था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते यश साहू, अभिषेक बर्मन, राज टेकाम, हर्ष तिवारी, जिशान, रवि साहू, राज रजक, विशाल सहित अन्य आरोपी दो कारों में वहां पहुंचे।
आरोप है कि आरोपियों ने पहले विक्की ठाकुर के साथ मारपीट की। इसके बाद फोन कर अंकित ठाकुर को मौके पर बुलाया गया। अंकित के पहुंचते ही उसके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद विनम बर्मन, अंकित ठाकुर और विक्की ठाकुर को जबरन कार में बैठाकर कथित रूप से अपहरण कर लिया गया।
पीड़ितों के अनुसार, आरोपी उन्हें शहर के अलग-अलग स्थानों पर घुमाते रहे और बाद में सुनसान इलाके में ले जाकर बेल्ट, लात-घूंसों और मुक्कों से बेरहमी से पीटा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों की नीयत तीनों की हत्या करने की थी।
घटना की जानकारी मिलते ही गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर संजय गुर्जर और पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों का पीछा किया, जिससे कथित साजिश नाकाम हो गई और पीड़ितों को सुरक्षित बचा लिया गया।
पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ अपहरण, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गढ़ा थाना पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि वारदात में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments