
Last updated: August 3rd, 2026 at 03:09 pm
नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर में स्टाफ की कमी और बढ़ते कार्यभार को लेकर मेडिकल एंड हेल्थ नर्सिंग एसोसिएशन ने प्रशासन को चेतावनी दी है। एसोसिएशन के संभाग अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने प्रेस वार्ता में कहा कि यदि एक महीने के भीतर उनकी मांगों का उचित निराकरण नहीं किया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन और अनिश्चितकालीन हड़ताल करने के लिए बाध्य होगा।
धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि पिछले चार महीनों से एसोसिएशन की ओर से मेडिकल कॉलेज के डीन, अधीक्षक, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा, भोपाल, कमिश्नर और कलेक्टर को लगातार ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। उनका आरोप है कि अब तक केवल आश्वासन मिले हैं, लेकिन समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
एसोसिएशन का कहना है कि पिछले चार वर्षों में मेडिकल कॉलेज परिसर में कैंसर अस्पताल, सुपर स्पेशलिटी और न्यू ब्लॉक सहित कई नई सुविधाएं शुरू हुई हैं, लेकिन इनके अनुरूप नर्सिंग और अन्य स्टाफ की भर्ती नहीं की गई। इससे मौजूदा कर्मचारियों पर कार्यभार लगातार बढ़ता जा रहा है।
एसोसिएशन के अनुसार, स्टाफ की कमी का सबसे अधिक असर महिला नर्सिंग कर्मचारियों पर पड़ रहा है। लगातार बढ़ती ड्यूटी और सीमित मानव संसाधन के कारण कर्मचारियों को कई तरह की व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
एसोसिएशन ने प्रशासन को एक महीने का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। संगठन का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर मेडिकल कॉलेज में अनिश्चितकालीन हड़ताल और कामकाज बंद करने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।
फिलहाल मेडिकल कॉलेज प्रबंधन या चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से एसोसिएशन की चेतावनी पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments