
Last updated: July 14th, 2026 at 01:05 pm
जिले के पाटन थाना क्षेत्र के गाड़ाघाट गांव में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए IFFCO ब्रांड की 22 बोरी नकली खाद जब्त की है। यह कार्रवाई एक जागरूक किसान द्वारा दी गई सूचना के आधार पर की गई। किसान ने विभाग को बताया था कि गांव निवासी प्रकाश बर्मन अपने घर में बड़ी मात्रा में नकली खाद का भंडारण कर किसानों को बेचने की तैयारी कर रहा है।
सूचना मिलते ही कृषि विभाग की टीम ने एसडीओ इंदिरा त्रिपाठी के मार्गदर्शन में मौके पर दबिश दी और आरोपी के घर से 22 बोरी संदिग्ध खाद जब्त कर ली।
कार्रवाई के दौरान जब्त खाद के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट आने पर यह पुष्टि हुई कि खाद नकली है। रिपोर्ट मिलने के बाद कृषि विभाग ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए पाटन थाना पुलिस को प्रतिवेदन सौंपा।
कृषि विभाग का कहना है कि नकली खाद किसानों की फसल और उत्पादन दोनों के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
कृषि विभाग की शिकायत पर पाटन थाना पुलिस ने आरोपी प्रकाश बर्मन के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद यह भी पता लगाया जाएगा कि नकली खाद कहां से लाई गई थी और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे खाद और बीज केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें। यदि किसी खाद या उर्वरक की गुणवत्ता पर संदेह हो तो तत्काल कृषि विभाग या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
विभाग का कहना है कि किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए नकली खाद और बीज बेचने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments