
किडनी प्रत्यारोपण (किडनी ट्रांसप्लांट) के नाम पर एक दंपति से 22 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि एक कथित अंगदान गिरोह ने सामाजिक संस्था का सदस्य बताकर किडनी उपलब्ध कराने का भरोसा दिया और सुरक्षा राशि के नाम पर लाखों रुपये ले लिए। लेकिन तय समय पर किडनी उपलब्ध नहीं कराई गई। जब रकम वापस मांगी गई तो आरोपियों द्वारा दिए गए चेक भी बाउंस हो गए।
पत्नी की हालत लगातार बिगड़ने पर आखिरकार पति ने स्वयं अपनी किडनी दान कर उनकी जान बचाई। मामले में विजयनगर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विजयनगर के लमती निवासी महेश परियानी की पत्नी गंभीर किडनी रोग से पीड़ित थीं। स्थानीय स्तर पर उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद स्पष्ट किया कि मरीज की जान बचाने के लिए किडनी प्रत्यारोपण आवश्यक है।
इसी दौरान महेश परियानी की मुलाकात उड़ीसा (ओडिशा) के कटक निवासी जयंत साहू और सुष्मिता नायक से हुई।
पीड़ित के अनुसार, दोनों आरोपियों ने स्वयं को एक सामाजिक संस्था से जुड़ा बताया और दावा किया कि वे कानूनी प्रक्रिया के तहत किडनी उपलब्ध करा सकते हैं।
आरोप है कि दोनों ने 45 लाख रुपये में किडनी उपलब्ध कराने का सौदा तय किया और सुरक्षा राशि के रूप में 22 लाख रुपये ले लिए। पीड़ित परिवार ने पत्नी की गंभीर स्थिति को देखते हुए आरोपियों पर भरोसा कर रकम दे दी।
पीड़ित का आरोप है कि लाखों रुपये लेने के बावजूद आरोपियों ने न तो किडनी उपलब्ध कराई और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया। जब परिवार ने अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपियों ने चेक दिए, लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर सभी चेक बाउंस हो गए।
इसके बाद पीड़ित परिवार को एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है।
इस बीच मरीज की हालत लगातार गंभीर होती गई। समय पर डोनर नहीं मिलने के कारण महेश परियानी ने स्वयं अपनी किडनी दान करने का निर्णय लिया। चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका किडनी प्रत्यारोपण किया गया, जिससे उनकी पत्नी की जान बचाई जा सकी।
धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ित ने विजयनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों जयंत साहू और सुष्मिता नायक के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह मामला किसी बड़े कथित अंगदान या ठगी नेटवर्क से तो जुड़ा नहीं है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments