
Last updated: June 29th, 2026 at 12:32 pm
जबलपुर के घमापुर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित धोखाधड़ी, पहचान छिपाकर संबंध बनाने और शोषण का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर सामाजिक संगठन हिंदू धर्मसेना के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक ने फेसबुक पर ‘अंकित’ नाम से फर्जी आईडी बनाकर उससे संपर्क किया। धीरे-धीरे उसने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। युवती का कहना है कि पिछले करीब पांच वर्षों से आरोपी ने उसके साथ संबंध बनाए और इस दौरान अपनी असली पहचान छिपाए रखी।
बाद में जब युवक की वास्तविक पहचान सामने आई और पीड़िता ने उससे शादी का दबाव बनाया, तो घटनाक्रम ने गंभीर रूप ले लिया।
पीड़िता के अनुसार आरोपी उसे बहाने से मुंबई ले गया, जहां उसने और उसके परिवार के कुछ लोगों ने उसे कथित रूप से बंधक बनाकर रखा। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि वहां उसके साथ गलत गतिविधियों में शामिल करने की साजिश रची जा रही थी।
हालांकि किसी तरह वह वहां से निकलकर वापस जबलपुर पहुंची और न्याय की मांग को लेकर थाने का रुख किया।
युवती का आरोप है कि जब वह घमापुर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, तो पुलिस ने उसकी बात नहीं सुनी और उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद उसने इस पूरे मामले की जानकारी हिंदू धर्मसेना को दी।
संगठन के कार्यकर्ता पीड़िता के साथ थाने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
हिंदू धर्मसेना के पदाधिकारियों का कहना है कि यह मामला सुनियोजित धोखाधड़ी और साजिश का प्रतीत होता है, जिसमें आरोपी के परिवार की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामले को लेकर घमापुर थाना प्रभारी का कहना है कि युवती पहले भी लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ी शिकायत लेकर थाने आई थी। इस बार मिले ज्ञापन और आरोपों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान, घटनाक्रम और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments