
Last updated: June 25th, 2026 at 12:33 pm
जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई अब विवादों में घिरती नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस की कार्रवाई की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक पुलिस आरक्षक कार्रवाई से पहले एक महिला को पूछताछ के दौरान दिए जाने वाले जवाब और पूरी प्रक्रिया समझाते हुए दिखाई दे रहा है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी महिला को यह बताते हुए नजर आ रहा है कि पुलिस मौके पर आने के बाद क्या पूछेगी और उसे किस तरह जवाब देना है। वीडियो सामने आने के बाद लोग पुलिस कार्रवाई की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो अधारताल थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ की गई कार्रवाई के दौरान का है।
जानकारी के अनुसार अधारताल थाना पुलिस, एफआरवी दल, महिला आरक्षक और अन्य स्टाफ ने दबिश देकर एक महिला को अवैध शराब के साथ पकड़ा था। कार्रवाई के दौरान शराब जब्त कर वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई थी। इसी दौरान का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
मामले में अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने पुलिस का पक्ष रखते हुए कहा कि ग्राम खैरी में एक महिला द्वारा लंबे समय से अवैध शराब बेचने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर 22 जून को पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और अवैध शराब जब्त की।
पुलिस के अनुसार जब्ती की कानूनी प्रक्रिया के दौरान प्रधान आरक्षक महिला को कार्रवाई की प्रक्रिया और कानूनी औपचारिकताओं की जानकारी दे रहे थे। इसी दौरान महिला के किसी परिजन ने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
पुलिस का दावा है कि कार्रवाई को प्रभावित करने और विभाग पर अनावश्यक दबाव बनाने के उद्देश्य से वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के कुछ हिस्सों को संदर्भ से हटाकर प्रस्तुत किया जा रहा है।
फिलहाल वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की समीक्षा के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं आरोपी महिला के खिलाफ अवैध शराब के मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस कार्रवाई की पारदर्शिता को लेकर बहस छिड़ गई है। लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वीडियो में दिखाई गई बातचीत कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा थी या फिर कार्रवाई को प्रभावित करने वाली कोई अन्य स्थिति। अब सभी की नजर पुलिस जांच की रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments