
Last updated: June 1st, 2026 at 01:54 pm
जबलपुर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस विवेक रूसिया को मध्य प्रदेश का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह नियुक्ति पूर्व मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा के सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश पद पर पदोन्नत होने के बाद की गई है।
जस्टिस विवेक रूसिया का जबलपुर से गहरा जुड़ाव रहा है। वे संस्कारधानी के कोतवाली क्षेत्र के मूल निवासी हैं और लंबे समय तक जबलपुर में वकालत करते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। अब वे मध्य प्रदेश न्यायपालिका के शीर्ष पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जस्टिस विवेक रूसिया का जन्म 2 अगस्त 1969 को जबलपुर में हुआ था। उन्होंने विज्ञान और विधि की पढ़ाई पूरी करने के बाद 8 अगस्त 1992 को मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया था।
कानूनी क्षेत्र उन्हें पारिवारिक विरासत के रूप में मिला। उनके पिता स्वर्गीय प्रभाकर रूसिया मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ताओं में गिने जाते थे। प्रारंभिक दौर में उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ता पी. सदाशिवन नायर, इंदिरा नायर और पूर्व प्रशासनिक न्यायाधीश राजेंद्र मेनन के मार्गदर्शन में वकालत का अनुभव प्राप्त किया।
वर्ष 1998 से स्वतंत्र रूप से वकालत शुरू करने के बाद जस्टिस रूसिया ने कई महत्वपूर्ण मामलों में पक्ष रखा। वे कोल इंडिया लिमिटेड, एसईसीएल, डब्ल्यूसीएल और एनसीएल जैसी बड़ी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के कानूनी पैनल से जुड़े रहे।
इसके अलावा मध्य प्रदेश की बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण कंपनियों, एमपी हाउसिंग बोर्ड, लघु उद्योग निगम, कैंटोनमेंट बोर्ड जबलपुर और जबलपुर विकास प्राधिकरण (JDA) के मामलों में भी उन्होंने अदालत में पैरवी की।
जस्टिस रूसिया भारत सरकार के स्थायी अधिवक्ता के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। साथ ही वे हाई कोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। कानूनी क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और योगदान को देखते हुए उन्हें 7 अप्रैल 2016 को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।
इसके बाद 17 मार्च 2018 को उन्होंने स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली और कई महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई की।
मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा के सुप्रीम कोर्ट जाने के बाद जस्टिस विवेक रूसिया को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति को मध्य प्रदेश न्यायपालिका के लिए महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है।
जबलपुर से जुड़े होने के कारण उनकी इस उपलब्धि को लेकर शहर के विधि जगत और अधिवक्ताओं के बीच भी उत्साह का माहौल है। अब वे कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के प्रशासनिक और न्यायिक कार्यों का नेतृत्व करेंगे।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments