
Last updated: June 1st, 2026 at 01:04 pm
जबलपुर के आधारताल थाना क्षेत्र स्थित सेंट मेरी निजी स्कूल में बने चर्च को लेकर शनिवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने स्कूल परिसर पहुंचकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप लगाए, जिसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार स्कूल परिसर में बने चर्च में क्रिश्चियन समुदाय की धार्मिक सभा आयोजित की जा रही थी। बताया जा रहा है कि इस सभा में शामिल होने के लिए करीब 10 हिंदू महिला और पुरुष भी पहुंचे थे। इसी बात को लेकर हिंदू संगठन के लोगों ने आपत्ति जताई।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि चर्च में लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। कार्यकर्ताओं ने स्कूल संचालक और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान काफी देर तक बहस और हंगामे की स्थिति बनी रही।
मामले को लेकर हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने आधारताल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में धर्म परिवर्तन से जुड़े आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। चर्च में आयोजित सभा, वहां मौजूद लोगों और लगाए गए आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सेंट मेरी स्कूल परिसर में हुए इस घटनाक्रम के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की गई है।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments