
Last updated: May 23rd, 2026 at 12:33 pm
जबलपुर के विजय नगर थाना क्षेत्र में रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर को धमकी भरा पत्र भेजकर 50 करोड़ रुपये की मांग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
धमकी देने वाले ने रुपये नहीं देने पर रिटायर्ड अधिकारी के दामाद और नाती को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी भी दी थी। पुलिस ने मामले में पूर्व किराएदार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मथुरा विहार निवासी 73 वर्षीय गणेश प्रसाद दुबे रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर हैं।
जानकारी के मुताबिक, 10 मई की सुबह करीब 7 बजे उनके घर के दालान में मोपेड वाहन के पास एक बंद लिफाफा पड़ा मिला। लिफाफे पर “जेपी दुबे, 39 मथुरा विहार” लिखा हुआ था।
जब उन्होंने लिफाफा खोला तो उसमें धमकी भरे शब्द, अपशब्द और 50 करोड़ रुपये की मांग लिखी हुई थी।
पत्र में गणेश प्रसाद दुबे के नाती सूजल चौबे और दामाद को “देख लेने” की चेतावनी दी गई थी।
इसी दौरान पड़ोसी प्रमोद पटेल को भी मंदिर के पास कई अन्य लिफाफे मिले, जो अलग-अलग लोगों के नाम पर थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि मनोज रोहितास, रुद्र सिंह, खंपरिया, केपी शर्मा और असाटी सहित अन्य लोगों के नाम पर भी ऐसे पत्र रखे गए थे।
सभी पत्रों में लगभग एक जैसा धमकी भरा मजमून लिखा हुआ था। इसके बाद पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले।
फुटेज में 10 मई की तड़के करीब 4 बजे एक युवक अलग-अलग जगहों पर लिफाफे रखते हुए दिखाई दिया।
गणेश प्रसाद दुबे ने युवक की पहचान अपने पूर्व किराएदार आशीष मिश्रा निवासी मऊगंज के रूप में की।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी आशीष मिश्रा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना के बाद मथुरा विहार और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
लोगों में चर्चा है कि आखिर इतने बड़े स्तर पर धमकी भरे पत्र भेजने के पीछे आरोपी का मकसद क्या था।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
अपनी खबर हमें भेजें – हम उसे दुनिया तक पहुँचाएंगे।
© 2026 Jabalpur Breaking. All rights reserve
No Comments